बिहार की आज की प्रमुख खबरें
05/09/2022 सूचना एवं जन-सम्पर्क विभाग, बिहार की आज की प्रमुख खबरें:
👉 आज महीने के पहले सोमवार को ‘जनता के दरबार में मुख्यमंत्री’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर कई फरियादियों ने माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार से अपनी समस्याओं की गुहार लगाई। मुख्यमंत्री ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को उनकी समस्याओं के समाधान हेतु आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिये।
👉 मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने शिक्षक दिवस के अवसर पर राज्य के शिक्षकों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि समाज एवं राष्ट्र के निर्माण में शिक्षकों का बहुत बड़ा योगदान है। इनको हर स्तर पर आदर एवं सम्मान मिलना चाहिए। मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि सभी शिक्षक राष्ट्र निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करेंगे।
👉 मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने प्रसिद्ध उद्योगपति एवं टाटा संस के पूर्व चेयरमैन साइरस मिस्त्री की सड़क दुर्घटना में हुई असामियक मृत्यु पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि साइरस मिस्त्री एक होनहार उद्योगपति थे। उनका निधन वाणिज्य एवं उद्योग जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। इस दु:ख की घड़ी में मेरी पूरी संवेदना उनके परिवार के साथ है।
👉 पटना के जिलाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह की अध्यक्षता में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, पटना सिटी के विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित की गई। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान सुनिश्चित कराने हेतु कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।
👉 शेखपुरा के जिलाधिकारी श्री सावन कुमार की अध्यता में खनन विभाग की समीक्षा बैठक हुई। उन्होंने जिले में अवैध उत्खनन पर पूर्ण रूप से रोक लगाने हेतु संबंधित अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिये।
👉 वैशाली के जिलाधिकारी श्री यशपाल मीणा की अध्यक्षता में आपदा प्रबंधन शाखा के साथ समीक्षा बैठक हुई। उन्होंने जिले में बाढ़ एवं सुखाड़ की स्थिति को लेकर सभी जरूरी कदम उठाने के आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।
👉 नालंदा के जिलाधिकारी श्री शशांक शुभकर ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जातीय जनगणना कार्य को संपादित करने हेतु समीक्षा बैठक की। उन्होंने बताया कि बुनियादी इकाई के आधार पर वार्डों में जनगणना की जाएगी।
👉 औरंगाबाद के जिलाधिकारी श्री सौरभ जोरवाल ने दानी बिगहा बस स्टैंड के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिये।
👉 मधुबनी के जिलाधिकारी श्री अरविंद कुमार वर्मा की अध्यक्षता में जिला कृषि टास्क फोर्स की बैठक हुई। उन्होंने सभी पात्र किसानों को शीघ्र ही डीजल अनुदान का लाभ देने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।
#IPRDSamachar #BiharNews #IPRDBihar