बिहार की आज की प्रमुख खबरें
17/01/2022 सूचना एवं जन-सम्पर्क विभाग, बिहार की आज की प्रमुख खबरें:
👉 कोरोना संक्रमण की रोकथाम हेतु प्रदेशवासियों के प्रति राज्य सरकार सजग एवं सतर्क है। माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने लोगों से कोरोना महामारी के मद्देनजर जारी सरकारी निर्देशों का अनुपालन करते हुए मास्क लगाने एवं सामाजिक दूरी को अपनाने की अपील की है।
👉 मुख्यमंत्री ने कथक सम्राट एवं पद्म विभूषण से सम्मानित पंडित बिरजू महाराज के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि पंडित बिरजू महाराज ने कथक नृत्य शैली को पूरे विश्व में पहचान दिलाई। उनके निधन से भारतीय नृत्य कला जगत को अपूरणीय क्षति हुई है।
👉 पटना के जिलाधिकारी डॉ. चन्द्रशेखर सिंह ने 24X7 कार्य करने वाले जिला नियंत्रण कक्ष और टेली मेडिकल काउंसलिंग केन्द्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने उपस्थित स्वास्थ्य कर्मियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिये।
👉 नवादा के जिलाधिकारी श्री यशपाल मीणा ने मंडल कारा का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने जेल अधीक्षक को जेल मेन्यूअल के अनुसार सभी व्यवस्था बहाल करने का निर्देश दिया।
👉 सीतामढ़ी के जिलाधिकारी श्री सुनील कुमार यादव के नेतृत्व में जिले के भीड़-भाड़ वाले इलाकों में मास्क चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान उन्होंने कोरोना संक्रमण की रोकथाम हेतु लोगों से मास्क पहनने और सामाजिक दूरी अपनाने की अपील की।
👉 मधुबनी के जिलाधिकारी श्री अमित कुमार की अध्यक्षता में नई अनुज्ञप्ति के आधार पर जन वितरण प्रणाली विक्रेता के चयन हेतु चयन समिति की बैठक हुई। बैठक के दौरान उन्होंने संबंधित उपस्थित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिया।
👉 गया के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम ने जीविका टीम के साथ गुरूआ प्रखंड के पुनौल गांव का भ्रमण किया। भ्रमण के दौरान उन्होंने नीरा का उत्पादन बढ़ाने तथा इसको वैकल्पिक व्यवसाय के तौर पर अपनाने हेतु लोगों को प्रेरित किया।
👉 रोहतास के जिलाधिकारी श्री धर्मेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में कोविड-19 की तीसरी लहर से निपटने को लेकर बैठक हुई। इस दौरान उन्होंने कोविड के मद्देनजर जारी दिशा-निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित कराने हेतु सिविल सर्जन तथा जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया।
#IPRDSamachar #BiharNews #IPRDBihar