बिहार की आज की प्रमुख खबरें
14/04/2023 सूचना एवं जन-सम्पर्क विभाग, बिहार की आज की प्रमुख खबरें:
👉 माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती के अवसर पर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने जयंती पर आयोजित राजकीय समारोह में उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।
👉 मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने बैसाखी के अवसर पर राज्य एवं देशवासियों को शुभकामनाएं दी। उन्होंने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि बैसाखी का पर्व किसानों के जीवन में उमंग और उल्लास का संचार करता है। फसल तैयार होने पर खुशी व्यक्त करने वाला यह पर्व देश के विभिन्न भागों में विविध लोक पर्वो के रूप में मनाया जाता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पर्व पर हमें समाज में समरसता तथा पारस्परिक सौहार्द्र बढ़ाने और समर्पण की भावना से सेवा का संकल्प लेना चाहिए।
👉 मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने अग्निशमन सेवा सप्ताह के अवसर पर संदेश देते हुए कहा कि यह हर्ष का विषय है कि 14 से 20 अप्रैल, 2023 तक “अग्निशमन सेवा सप्ताह” का आयोजन किया जा रहा है। अग्निकांड एक भयावह प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदा है, इससे जान-माल की काफी क्षति होती है। अग्निशमन सेवा सप्ताह के सफल आयोजन हेतु बिहार अग्निशमन सेवा को शुभकामनाएं देता हूं। आईए, हम सब बिहारवासी अग्निकांडों से सुरक्षित बिहार बनाने में अपना योगदान दें।
👉 मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने ऑल इंडिया मुस्लिम पसर्नल लॉ बोर्ड के हजरत मौलाना राबे हसनी नदवी साहब के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा है कि हजरत मौलाना राबे हसनी नदवी साहब एक इस्लामिक विद्वान थे। उनके इंतकाल की खबर से बहुत दु:खी हूं। उन्होंने कहा कि हजरत मौलाना राबे हसनी नदवी साहब दारूल उलूम नदवतुल उलमा लखनऊ के प्रमुख चांसलर रहे थे।
👉 पटना के जिलाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह की अध्यक्षता में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत जिला सतर्कता एवं अश्रवण समिति की बैठक हुई। उन्होंने अधिनियम के तहत लंबित कांडों के निष्पादन हेतु त्वरित अनुसंधान एवं पर्यवेक्षण करने के निर्देश दिये।
👉 सहरसा के जिलाधिकारी श्री वैभव चौधरी की अध्यक्षता में जिलास्तरीय पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक हुई। उन्होंने जाति आधारित गणना, दाखिल- खारिज मामले का निष्पादन, आवास योजना, बाढ़ पूर्व तैयारी एवं विधि-व्यवस्था संधारण को लेकर कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।
👉 रोहतास के जिलाधिकारी श्री धर्मेंद्र कुमार की अध्यक्षता में राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक हुई। उन्होंने लंबित दाखिल- खारिज मामले का त्वरित निष्पादन हेतु कई महत्वपूर्ण निर्देश दिये।
👉 नालंदा के जिलाधिकारी श्री शशांक शुभंकर ने सरस्वती नदी एवं कुंड के जीर्णोद्धार तथा ब्रह्मकुंड परिसर में जारी कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को ससमय कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिये।
#IPRDSamachar #BiharNews #IPRDBihar