नौतपा से पहले दिल्ली, राजस्थान, मध्य प्रदेश, यूपी, हरियाणा और बिहार में मानसून का ट्रेलर दिखने लगा है। लगातार दूसरे दिन राजधानी दिल्ली में धूल भरी आंधी चलने के साथ बारिश हुई, जिसके वजह से विस्तारा और इंडिगो ने कई फ्लाइट्स की उड़ान को टाल दिया। बारिश होने की वजह से तापमान में 3-4 डिग्री औसत की गिरावट हुई है।
मौसम विभाग ने बताया कि दिल्ली, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में अगले 24 घंटे तक रूक-रूक कर बारिश होगी। इस दौरान 30-40 किमी/घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेगी। विभाग ने ओलावृष्टि का भी अनुमान जताया। वहीं बारिश होने की वजह से उत्तर-पश्चिमी भाग में तापमान में 3-4 डिग्री तक गिरावट होने की संभावनाएं है।
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक नौतपा बुधवार से शुरू हो रहा है। इस दौरान उत्तर भारत के कई राज्यों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक चला जाता है। नौतपा में 9 दिन तक प्रचंड गर्मी रहती है।
राजस्थान में 60 KMPH की स्पीड से चली हवाएं राजस्थान में बदले मौसम ने लोगों को भीषण गर्मी और लू से राहत दी है। दो दिन बाद प्रदेश में नौतपा शुरू होने वाला है। इससे पहले, जयपुर सहित प्रदेश के कई जिलों में अंधड़ और तूफानी बारिश ने खासा नुकसान पहुंचाया है। सोमवार को दिनभर जयपुर में बादल छाए रहने के बाद रात को अचानक धूलभरी हवाएं चलने लगी। मौसम विभाग के अनुसार जयपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में हवा की स्पीड 60 KMPH से अधिक रही।
एमपी में 48-72 घंटे तक प्री-मानसून का असर दिखेगा
मध्य प्रदेश में भी तड़के सुबह बारिश हुई। मौसम वैज्ञानिक पीके साहा के अनुसार भोपाल सहित मध्य प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में अगले दो-तीन दिन प्री-मानसून गतिविधि बरकरार रहने की संभावना है। साहा ने बताया कि राजस्थान के उत्तर-पश्चिमी हिस्से में ऊपरी हवा का चक्रवात बना हुआ है। इससे होती हुई एक ट्रफ लाइन अरब सागर तक जा रही है। यह अरब सागर से नमी खींच रही है। इस कारण प्रदेश के मौसम में बदलाव हुआ।
बिहार के 7 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया
बिहार के मधुबनी, कैमूर, रोहतास, जहानाबाद समेत 7 जिलों में देर रात बारिश हुई है। कई जिलों में हवा की रफ्तार 30-40 किमी/घंटा रही। मौसम विभाग ने राज्य के 7 जिलों के लिए ऑरेंज और एक जिले में यलो अलर्ट जारी किया है।